कोडरमा में लाखों रुपए के जेवरात और नगदी की चोरी:चोरों ने घर में सो रहे लोगों को बाहर से बंद कर की वारदात, पड़ोसियों ने खोला दरवाजा

कोडरमा में लाखों रुपए के जेवरात और नगदी की चोरी:चोरों ने घर में सो रहे लोगों को बाहर से बंद कर की वारदात, पड़ोसियों ने खोला दरवाजा

कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपए के जेवरात और नगदी चुरा ली। चोरों ने घर में सो रहे 12 लोगों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया था। यह घटना बीती रात हुई। गृह स्वामी सतीश कुमार ने बताया कि उनके घर में 12 लोग रहते हैं। बीती रात खाना खाने के बाद सभी लोग मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था रात करीब 2:30 बजे सतीश के बड़े भाई की नींद खुली। जब उन्होंने शौच के लिए कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने अपने दूसरे भाई को फोन किया, लेकिन उनके कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद था। इस तरह सभी कमरों में सो रहे लोगों को फोन करके उठाया गया। सभी के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद थे। इससे उन्हें चोरी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को फोन कर जानकारी दी और उन्हें घर बुलाया। जब आसपास के लोग घर पर जमा होने लगे, तो चोरों को भनक लग गई और वे वहां से भाग गए। पड़ोसियों ने सतीश के घर के सभी दरवाजे खोले और परिवार को कमरों से बाहर निकाला। जेवरात और 10 हजार रुपए नगदी चोरी इसके बाद घर के उन कमरों को देखा गया, जहां कोई नहीं था। वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलग-अलग कमरों की अलमारियां खोलकर करीब 4 लाख रुपए के जेवरात और 10 हजार रुपए नगदी चुरा ली थी। इसके बाद घर वालों ने जयनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलते ही जयनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। इस दौरान पुलिस ने पाया कि चोर मकान के पीछे लगे लोहे की ग्रिल और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किए थे।

खाली कमरों को निशाना बनाया
परिजनों के अनुसार चोरों ने पहले उक्त मकान के निचले तल्ले के कमरों में चोरी की फिर दूसरे तल्ले पर जाकर खाली कमरों को निशाना बनाया। इधर, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *