जंगल के रास्ते झारखंड ले जा रहे थे 14 गोवंश:जशपुर में पुलिस की घेराबंदी से एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

जंगल के रास्ते झारखंड ले जा रहे थे 14 गोवंश:जशपुर में पुलिस की घेराबंदी से एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत 14 गोवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोरोकोना के जंगल के रास्ते ग्राम खरसोता स्थित पुलिया के पास से कई गौवंशों को पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि गौवंशों को जल्दी-जल्दी हांकने के साथ उनके साथ मारपीट भी की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अधिकारियों को जानकारी दी और ग्राम खरसोता के लिए रवाना हो गई। पुलिस को देखते ही जंगल में भागे तस्कर पुलिस टीम जब खरसोता पुलिया के पास पहुंची, तो कुछ लोग गौवंशों को पैदल हांककर ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे जंगल की ओर भागने लगे। आरोपी गौवंशों को मौके पर छोड़कर भाग रहे थे। पुलिस ने उनका पीछा किया और एक संदिग्ध को पकड़ लिया। वहीं, उसके दो साथी जंगल में भागने में कामयाब रहे। प्रेम सुधार राम गिरफ्तार पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम प्रेम सुधार राम (28) बताया। वह ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर का रहने वाला है। पुलिस को मौके से कुल 14 गौवंश मिले। सभी गौवंशों की पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत केस पुलिस ने सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी जांच के दौरान पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसएसपी बोले- तस्करी में शामिल लोगों को नहीं बख्शेंगे एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने 14 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से छुड़ाया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि गौवंश तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *