राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड पर आगामी 20 सितंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा विशाल ‘शाखा संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में संघ के सह सरकार्यवाह (सह कार्यवाह) दत्तात्रेय होसबोले मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे और स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे। दोपहर बाद करीब 3 बजे यह कार्यक्रम आयोजित होगा। 30 हजार स्वयंसेवक होंगे शामिल कार्यक्रम में भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठनात्मक जिले (भोपाल, प्रताप, भोजपुर, तात्या टोपे और विद्युत नगर) के करीब 30 हजार पूर्ण गणवेशधारी (RSS की यूनिफॉर्म में) स्वयंसेवक शामिल होंगे। आयोजन के दौरान हजारों स्वयंसेवक एक साथ समता (परेड), शारीरिक व्यायाम, दंड प्रयोग और योग का प्रदर्शन करेंगे। संघ दृष्टि से भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख नगरों व बस्तियों की शाखाओं का यह एक बड़ा एकत्रीकरण होगा, जिसमें समाज जीवन में संगठन की भूमिका और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया जाएगा। मुहल्ला बैठकों का पहला जुटान
संघ शताब्दी वर्ष यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ साल पूरे होने पर हो रहे कार्यक्रमों की योजना में संघ ने मुहल्ला शाखाओं का गठन और विस्तार किया था। भोपाल में 20 सितंबर को होने वाले शाखा संगम में मुहल्ला शाखाओं में शामिल होने वाले स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। Gen-Z से संवाद और दिशा देंगे होसबाले
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन के बाद अब संघ भी इस युवा आबादी से संवाद और परिचर्चाओं का आयोजन कर रहा है। भोपाल में होने वाले शाखा संगम में संघ के सह कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले युवाओं को मार्गदर्शन भी देंगे। कोरोना काल के बाद दिसंबर 2022 में हुआ था कार्यक्रम कोरोना महामारी के प्रतिबंधों के हटने के बाद भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर संघ का ऐसा ही भव्य ‘शारीरिक प्रकटोत्सव’ (स्वयंसेवक एकत्रीकरण) 11 दिसंबर 2022 को आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भी आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संघ के मध्य भारत प्रांत के वरिष्ठ अधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक और हजारों की संख्या में पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवक उपस्थित रहे थे।

