बुलंदशहर के खुर्जा इलाके से हत्या के एक मामले में जेल जा चुके आरोपी यश सोलंकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में यश अवैध हथियारों और जिंदा कारतूसों के साथ दबंगई भरे डायलॉग बोलता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में यश सोलंकी अपने सामने 315 बोर का अवैध तमंचा, कई जिंदा कारतूस और खोखे रखे हुए है। वह इन हथियारों के साथ बदमाशी भरे डायलॉग बोल रहा है। यश सोलंकी पर 22 अप्रैल 2025 को अपने 7 साथियों के साथ मिलकर खुर्जा के चमन विहार निवासी अनुज चौधरी की हत्या का आरोप है। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है। मृतक अनुज चौधरी सशस्त्र सीमा बल (SSB) में तैनात थे। उसके भाई अरुण ने यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पीड़ित परिवार में डर का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। खुर्जा के क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार ने बताया कि आरोपी यश सोलंकी अभी जिला जेल में बंद है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो पुराना है। फिर भी पूरे मामले और वीडियो की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

