अमेठी कस्बे के समदिया मोहल्ले में सोमवार सुबह घर के सामने खेल रहा दो साल का मासूम अनस अचानक लापता हो गया। वह अपनी मां के साथ करीब एक सप्ताह पहले मिर्जापुर के विंध्याचल से मामा के घर आया था। सोमवार सुबह वह घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद परिजनों ने देखा तो वह वहां नहीं था। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। अब करीब 18 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अनस का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन के साथ CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन किसी फुटेज में अनस दिखाई नहीं दिया। इसके बाद तालाब में डूबने की आशंका को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई गई। जब वहां भी सफलता नहीं मिली तो अयोध्या से SDRF की टीम बुलाई गई। तालाब में देर रात तक SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन SDRF की टीम ने देर रात तक पास के तालाब में बच्चे की तलाश की। तालाब के आसपास अंधेरा होने के कारण रोशनी की भी व्यवस्था की गई। गोताखोरों और SDRF टीम ने तालाब के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अनस का कोई पता नहीं चला। पुलिस अब तालाब के अलावा आसपास के कुओं और दूसरी संभावित जगहों पर भी बच्चे की तलाश कर रही है। SP डॉग स्क्वाड और स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंचे मासूम के लापता होने की सूचना मिलने के बाद एसपी सरवणन टी मौके पर पहुंचे। उन्होंने डॉग स्क्वाड और स्वाट टीम के साथ घटनास्थल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को बच्चे की तलाश में हर संभव प्रयास करने और जल्द से जल्द उसका पता लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ अमेठी मनोज कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
CCTV में भी नहीं मिला कोई सुराग, हर संभावित जगह की तलाशी प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए संभावित जगहों पर छानबीन की जा रही है। कुएं और तालाब के आसपास भी तलाशी अभियान चलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि बच्चे के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधि का कोई सुराग मिल सके। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच करते हुए बच्चे की तलाश में जुटी है। तीन बच्चों में सबसे छोटा है अनस, मां का रो-रोकर बुरा हाल अनस अपने पिता मुजीब के तीन बच्चों में सबसे छोटा है। उसके अचानक गायब होने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन लगातार बच्चे के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। एसपी सरवणन टी ने परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। पुलिस और बचाव टीमों की तलाश के बावजूद देर रात तक मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

