राजस्थान में 4 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून:आज हल्की बारिश की संभावना; अब तक 4 जिलों में ही सामान्य से ज्यादा बरसात

राजस्थान में 4 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून:आज हल्की बारिश की संभावना; अब तक 4 जिलों में ही सामान्य से ज्यादा बरसात

राजस्थान में मानसून अब कमजोर हो गया है। आज कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, सोमवार को केवल अलवर, कोटपूतली, सीकर, राजसमंद में बरसात हुई। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- मानसून ट्रफ सोमवार को अपनी सामान्य पॉजीशन से शिफ्ट होकर उत्तर भारत की तरफ चली गई, राज्य में अगले 4-5 दिन मानसून कमजोर रहने की संभावना है। अब 12 सितंबर से फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस साल राजस्थान में मानसून काफी कमजोर रहा है। केवल चार जिलों में ही सामान्य से ज्यादा बरसात रिकॉर्ड हुई है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 24 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स नाथद्वारा में एक इंच से ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात राजसमंद के नाथद्वारा में हुई। यहां करीब 28MM पानी बरसा। वहीं, कोटपूतली, अलवर शहर व सीकर के भी कुछ इलाकों में बरसात हुई। इधर देर शाम श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू के एरिया में भी बादल छाने के बाद कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई और तेज हवा चली। 4 जिलों में औसत से ज्यादा बरसात: राजस्थान में केवल 4 ही ऐसे जिले है जहां सामान्य से ज्यादा बरसात हुई है, जबकि 2 जिले ऐसे है जहां सामान्य या उससे थोड़ी कम पानी बरसा है। सबसे ज्यादा बरसात भरतपुर के एरिया में हुई। भरतपुर में 1 जून से 6 सितंबर तक औसत बरसात 481.7MM होती है, जबकि इस सीजन में अब तक यहां कुल 638.8MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 33 फीसदी ज्यादा है। इसके अलावा दौसा में, धौलपुर, झुंझुनूं में 7 से 13 फीसदी ज्यादा बरसात दर्ज ​हुई है। अलवर में सामान्य से 1 फीसदी कम और करौली में 5 फीसदी कम पानी बरसा है। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… आगे ऐसा रहेगा मौसम आज कहां हो सकती है बारिश: पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून कमजोर रहेगा। हालांकि, आज भरतपुर, कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 12 सितंबर से एक और नया बारिश का दौर शुरू होने तथा पुनः बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 4 डिग्री तक चढ़ा पारा: बारिश थमने और धूप निकलने के बाद करौली, कोटा, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलवर, पिलानी, टोंक, भीलवाड़ा समेत कई शहरों में सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक चढ़ गया। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज हुआ। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: सोमवार दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। मौसम साफ रहने से लोगों को लगातार बारिश के दौर से थोड़ी राहत मिली। जयपुर में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 2 डिग्री चढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सीकर: सोमवार दोपहर बाद घने बादल छाए। शाम को तेज हवा के साथ रानोली, पलसाना, सांगरवा, रघुनाथगढ़ भेरुजी स्टैंड, पिपराली, कटराथल समेत जिला मुख्यालय पर शाम को बारिश हुई। जिले का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया है। कोटा: जिले में सोमवार को बरसात नहीं हुई। मौसम में बदलाव से तापमान 2 डिग्री बढ़कर 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। वहीं, न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट हुई। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 12 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। अजमेर: दिनभर तेज गर्मी रही। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जारी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया। अजमेर में मानसून सीजन में अब तक 452.4 MM बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से करीब 8.9% ज्यादा है। उदयपुर: सोमवार सुबह से ही तेज धूप रही। दिनभर लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। दिन के तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि एक दिन पहले 32.7 डिग्री था। अलवर: दिन में तेज गर्मी के बाद शाम को आंधी के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहा। 8 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जोधपुर: सोमवार को मौसम सामान्य रहा। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। ये पूरा सप्ताह मानसून के हिसाब से सूखा ही जाने की आशंका है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *