लखनऊ के फैजुल्लागंज की मामा कालोनी, पवन बिहार कालोनी और गोमती बिहार में जलभराव की समस्या से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कालोनियों में जलभराव के बावजूद एंटीलार्वा का छिड़काव और फागिंग नहीं कराई जा रही है। इससे 12 से ज्यादा लोग बुखार, उल्टी-दस्त की चपेट में हैं। ये हुए बीमार सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी ने बताया कि पवन बिहार कालोनी में सरिता (12), गुड्डू (7), विपिन (10), नेहा (8), जान्हवी (14), सूरज साहू (22), नितिन (14), रीता (10), संगीता (12), अनिल (9), राहुल (20) और राघवेंद्र (17) तेज बुखार से पीड़ित हैं। इसके अलावा कई लोगों के शरीर, खासकर पैरों में खुजली वाले दाने निकल आए हैं। लोगों ने जलभराव दूर कराने, साफ पानी की आपूर्ति, नियमित फागिंग और एंटीलार्वा छिड़काव कराने की मांग की है। जलभराव के कारण कालोनियों में गंदगी और दुर्गंध बनी हुई है। समरसेबल से भी बदबूदार पानी आने की शिकायत है। मार्ग प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से रात में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जलभराव के कारण घरों में जीव-जन्तु घुसने की घटनाएं भी हो रही हैं। समस्या के बावजूद कालोनी के अंदर मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच रही हैं। 80 घरों का लिया जायजा जल भराव व संक्रामक रोग प्रभावित क्षेत्र का सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुराना दाऊदनगर पहुंचकर 80 घरों का भ्रमण किया। टीम ने लोगों की सेहत का हाल जाना। बीमारी से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी। स्वास्थ्य टीम ने लिया जायजा अलीगंज नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शालिनी, फैजुल्लागंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ.आसमा ने टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। जरूरत के अनुसार क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। संक्रमण से प्रभावित लोगों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ जरूरी जांच और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

