जिला अस्पताल में सोमवार को लैब टेक्नीशियन के विरोध प्रदर्शन का मामला सामने आया। जिला अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कृष्णा लैब के लैब टेक्नीशियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर काम बंद कर हड़ताल की और अस्पताल परिसर में विरोध जताया। बोले- अब तक ऑफर लेटर नहीं मिला लैब टेक्नीशियन बालकृष्ण ने बताया कि वह पिछले करीब 6 महीने से जिला अस्पताल में कार्यरत हैं, लेकिन अभी तक उन्हें ऑफर लेटर नहीं दिया गया है। उनका आरोप है कि पिछले 6 महीने से उनके वेतन से जीपीएफ और ईएसआई की राशि भी नहीं काटी जा रही है। लैब टेक्नीशियन का कहना है कि इस संबंध में संबंधित कॉन्ट्रेक्टर को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लगातार संबंधित अधिकारियों और कॉन्ट्रेक्टर के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है और उनकी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही। जीपीएफ-ईएसआई की समस्या का समाधान किया जाए बालकृष्ण ने बताया कि मजबूर होकर सोमवार को सभी लैब टेक्नीशियन ने काम बंद कर हड़ताल शुरू की है। कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द ऑफर लेटर जारी किया जाए और जीपीएफ व ईएसआई से संबंधित समस्या का समाधान किया जाए। लैब टेक्नीशियनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करना पड़ेगा। हड़ताल के चलते अस्पताल की लैब सेवाओं पर भी असर पड़ने की स्थिति बनी रही।

