सबका दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद लोधी मथुरा पहुंचे। रविवार देर रात करीब 9 बजे राधिका विहार रोड स्थित एक मैरिज होम में बैठक हुई। इसमें कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाई और चित्र भेंट किया। बैठक शांतिपूर्ण माहौल में हुई। इस दौरान प्रमोद लोधी ने संगठन का विस्तार करते हुए निर्भय सिंह लोधी को मथुरा का जिलाध्यक्ष बनाया। उन्होंने नए जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ, गांव और जमीनी स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी आम लोगों से जुड़े मुद्दों को खास तौर पर उठाएगी और उनकी आवाज को असरदार तरीके से आगे पहुंचाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सबका दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश में दो सौ से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आज अलग-अलग समाज अपने हक की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में लोधी समाज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। पार्टी इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी और अपना हक लेकर रहेगी। बैठक में आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की योजना पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की गई। प्रमोद लोधी ने 4 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं से पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विस्तार के लिए एकजुट होकर काम करने का फैसला लिया।

