सतना के कोलगवां पुलिस ने बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने 19 साल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। आरोपी को पूछताछ के बाद रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घर और चौक से चोरी हुई थीं बाइक टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि 24 जून को पीएम आवास कॉलोनी निवासी पुष्पेंद्र तिवारी (46) की बाइक (एमपी 19 एनए 0392) घर के बाहर से चोरी हो गई थी। वहीं, पुरैनिहा-कृपालपुर निवासी लल्लू प्रजापति (48) की बाइक (एमपी 19 एमक्यू 0561) 1 सितंबर को सेमरिया चौक से चोरी हुई थी। दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज देखे। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आदर्श नगर-नईबस्ती निवासी अंश उर्फ दादा वर्मा (19) को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने दोनों बाइक चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। पुलिस को आरोपी से पूछताछ में कुछ और संदिग्ध बदमाशों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

