लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में एक मासूम से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की। करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी है। 12 घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान खलील अहमद (55) पुत्र अशर्फी के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को खलील अहमद को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी निघासन ले जाया जा रहा था। रास्ते में आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया। वाहन रुकते ही उसने एक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और जंगल की तरफ भाग निकला। एसओजी की टीमें कर रही थीं तलाश पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन जंगल, झाड़ियों और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। फरार आरोपी के खिलाफ निघासन थाने में धारा 262 बीएनएस के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया। सिंगाही पुलिस और एसओजी की टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, 6/7 सितंबर की रात सिंगहा कलां के बगिया मोड़ के पास आरोपी नजर आया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कुल तीन मामले दर्ज घायल आरोपी को सीएचसी निघासन में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के संबंध में सिंगाही थाने में धारा 109(1)/351(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। खलील अहमद के खिलाफ सिंगाही और निघासन थाने में कुल तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में सिंगाही थानाध्यक्ष राजबहादुर, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार दूबे और एसओजी प्रभारी जय प्रकाश यादव समेत पुलिस टीम शामिल रही।

