रायबरेली के बछरावां कस्बे के लालगंज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला लखनऊ से रायबरेली जा रही नीलांचल एक्सप्रेस की चपेट में आई। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान उन्नाव जिले के रानीखेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय मीनाक्षी यादव के रूप में हुई है। वह वीरेंद्र यादव की पत्नी थीं। मीनाक्षी अपने 23 वर्षीय बेटे सुमित यादव से मिलने बछरावां आई थीं। सुमित महराजगंज के डाकघर में काम करते हैं और कस्बे में किराए के मकान में रहते हैं। बताया गया कि बेटे से मिलने के बाद मीनाक्षी रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरी पर बैठी थीं। क्रॉसिंग पर मौजूद रेलवे गार्ड ने उन्हें पटरी से हटने के लिए कहा। रेलवे कर्मचारियों ने भी उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उनकी बात नहीं मानी। इसी बीच नीलांचल एक्सप्रेस आ गई और वह उसकी चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। महिला की मौत से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

