संभल में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिले में 7 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और मदरसे बंद रहेंगे। डीएम अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर बीएसए अलका शर्मा ने रविवार रात करीब 10 बजे इस संबंध में आदेश जारी किया। यह आदेश जिले में संचालित सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के स्कूलों के साथ नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय और सभी मदरसे शामिल हैं। प्रधानाचार्यों और मदरसा प्रबंधकों को निर्देश बीएसए ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और मदरसा प्रबंधकों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। एक दिन में 40 MM से ज्यादा बारिश रविवार को जिले में पूरे दिन बारिश होती रही। इस दौरान 40 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले दो दिनों में संभल में कुल करीब 70 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण संभल, चंदौसी और बहजोई समेत जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा का जलस्तर भी बढ़ा लगातार बारिश के बीच गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। प्रशासन की ओर से बारिश और जलभराव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल 7 सितंबर को जिले के सभी स्कूल और मदरसे बंद रहेंगे। मौसम की स्थिति के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

