शिवपुरी जिले की पिछोर जनपद की सलैया पंचायत में राशन नहीं मिलने की शिकायत के बाद ग्रामीणों से कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चनंखारी गांव की राशन दुकान पर सेल्समैन ने उनके साथ गाली-गलौज की। मारपीट की कोशिश की। सलैया गांव निवासी जितेंद्र कुमार झा ने बताया कि गांव के कई लोगों को राशन नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। जितेंद्र के मुताबिक, शिकायत के बाद फूड इंस्पेक्टर गौरव कदम का फोन आया। उन्होंने ग्रामीणों से पहले राशन दुकान पर जाकर राशन लेने और इसके बाद सीएम हेल्पलाइन की शिकायत खत्म करवाने के लिए कहा। राशन लेने पहुंचे तो अभद्रता का आरोप जितेंद्र कुमार झा के मुताबिक, इसके बाद वे दूसरे ग्रामीणों के साथ चनंखारी गांव की राशन दुकान पर राशन लेने पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां सेल्समैन महेंद्र और उसके चाचा ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। ग्रामीणों ने मारपीट की कोशिश का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में भी मनमानी की जा रही है। उनके मुताबिक, सेल्समैन कुछ लोगों का अंगूठा लगवाकर राशन दे देता है, जबकि कई पात्र लाभार्थियों को राशन नहीं मिलता। जांच और कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने राशन वितरण व्यवस्था की जांच कराने और अनियमितता दूर करने की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर गौरव कदम से फोन पर पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, राशन वितरण में अनियमितता के मामले में कलेक्टर ने फूड इंस्पेक्टर गौरव कदम को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।

