लखनऊ के मोहन रोड स्थित श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में ‘श्री बुद्धेश्वर श्रृंगार समूह’ के तत्वावधान में 11वें श्री गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजक मंडल की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समूह के प्रमुख सदस्य आदेश शुक्ला, अरविंद सिंह, ओंकार सिंह, विवेक मिश्रा एवं राजीव शुक्ला ने बताया कि पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान एवं संकीर्तन महोत्सव में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार और कथावाचक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के तहत 14 तारीख को सारिका अवस्थी द्वारा भक्ति संकीर्तन एवं भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 15 तारीख को भजन गायक शिवम किंकर भव्य भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। 16 तारीख को सुबोध जी के श्रीमुख से कथा का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

