पलवल की SP दीप्ति गर्ग ने संभाला कार्यभार:बोलीं-शिकायतों का समय पर होगा निपटारा; महिला-बच्चों की सुरक्षा होगी प्राथमिकता

पलवल की SP दीप्ति गर्ग ने संभाला कार्यभार:बोलीं-शिकायतों का समय पर होगा निपटारा; महिला-बच्चों की सुरक्षा होगी प्राथमिकता

हरियाणा पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद 2020 बैच की आईपीएस दीप्ति गर्ग ने पलवल एसपी के रूप में अपना कार्यभार संभाला है। कार्यालय पहुंचने पर डीएसपी मुख्यालय मनोज वर्मा, डीएसपी हथीन रत्नदीप सिंह बाली और डीएसपी ट्रैफिक नरेंद्र खटाना समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। पदभार संभालने के बाद नई एसपी दीप्ति गर्ग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं का निरीक्षण किया और कामकाज देखा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की सेवा करने के निर्देश दिए। ‘महिला और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी’ एसपी दीप्ति गर्ग ने कहा कि जिले में महिला और बच्चों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाएगी। जागरूकता अभियानों के जरिए समाज में सुरक्षा का माहौल बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए नशे के कारोबार पर रोक लगाने और बड़े जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। एसपी दीप्ति गर्ग ने साफ किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाएगी। कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए जल्दी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करने के लिए आम लोगों की शिकायतों का समय पर निपटारा किया जाएगा। बता दें कि नई एसपी दीप्ति गर्ग इससे पहले डीसीपी मुख्यालय झज्जर, एसपी डबवाली और एएसपी सिरसा के पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *