देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से किसान झुलसा:डेढ़ घंटे की बारिश के दौरान हुआ हादसा, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से किसान झुलसा:डेढ़ घंटे की बारिश के दौरान हुआ हादसा, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

देवरिया में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान गंभीर रूप से झुलस गया। घटना रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर हीरामन गांव की है। किसान को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है। रामपुर हीरामन गांव निवासी मुस्ताक खान रविवार को खेत पर गए थे। इसी दौरान करीब दोपहर 2 बजे के बाद शुरू हुई तेज बारिश के बीच वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के बाद वह खेत में गिर पड़े। करीब 3 घंटे तक खेत में पड़े रहे परिजनों के मुताबिक, मुस्ताक हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक खेत में ही पड़े रहे। शाम करीब 5 बजे परिवार के लोग खेत की तरफ पहुंचे तो उन्होंने मुस्ताक को जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर रवाना हो गए हैं।
डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश, कई इलाकों में जलभराव देवरिया में रविवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख बाजारों और सड़कों पर पानी भर गया। नाले और नालियां ओवरफ्लो होने से जलनिकासी प्रभावित रही। इससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश रुकने के बाद भी कई जगहों पर पानी जमा रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री, अगले दो दिन बारिश की संभावना रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। इस मानसून सीजन में अब तक जिले में करीब 430 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत कम है। हालांकि, रविवार को हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *