विदिशा जिले के पठारी-दुधावरी मार्ग पर रविवार को बस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर आए मवेशियों को बचाने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई । महिला उसकी चपेट में आ गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस और ड्राइवर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सागर जिले की रहने वाली रद्दो बाई के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रद्दो बाई अपने भाई को राखी बांधने आई थीं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह इसी बस से जाने वाली थीं। इसी दौरान सड़क पर मवेशी आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पठारी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। बस और ड्राइवर पुलिस के कब्जे में थाना प्रभारी ऋतुराज बिंझाड़े ने बताया कि पुलिस ने बस और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। राखी के मौके पर भाई से मिलने आई महिला की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।

