फतेहाबाद-भट्टू रोड पर रविवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। ढिंगसरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर कई पलटे खाते हुए दूर जा गिरी। अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और पिकअप चालक की जान बाल-बाल बच गई। सुबह करीब 5 बजे हुआ था हादसा प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:00 बजे हुआ। भट्टू कलां निवासी बलवंत सिंह गंडेर अपनी पिकअप गाड़ी लेकर फतेहाबाद की तरफ जा रहे थे। तभी फतेहाबाद की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ढिंगसरा के पास पिकअप को सीधी टक्कर मार दी। सड़क पर खाई गाड़ी ने कई पलटी ट्रक की एक साइड पिकअप के ड्राइवर साइड से टकराई, जिससे पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर कई बार पलट गई। इस हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह खराब हो गए। पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा और चालक की तरफ का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पिकअप चालक बलवंत सिंह को गाड़ी से बाहर निकाला। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और खराब हुए वाहनों को रास्ते से हटवाकर यातायात सामान्य करवाया। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच में जुट गई है।

