Rajasthan: बीच सड़क पर पत्नी ने पति को जमकर पीटा, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

Rajasthan: बीच सड़क पर पत्नी ने पति को जमकर पीटा, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

श्रीगंगानगर। रायसिंहनगर क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला सड़क पर अपने पति की लकड़ी की छड़ी से पिटाई करती नजर आ रही है। घटना के बाद घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 8 पीटीडी निवासी अंग्रेज सिंह का शनिवार को अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शक को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद महिला ने कथित तौर पर लकड़ी की छड़ी से पति पर हमला कर दिया। मारपीट में अंग्रेज सिंह को चोटें आईं।

राजकीय अस्पताल में हुआ इलाज

घटना के बाद परिजन घायल पति को राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चोटों और हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पहले भी पति-पत्नी में हो चुके विवाद

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहे हैं। दोनों के बीच लगातार होने वाले विवादों को लेकर समेजा पुलिस की ओर से पूर्व में कई बार दोनों पक्षों को समझाइश भी दी जा चुकी है। इसके बावजूद शनिवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट की वजह आपस में शक होना बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच करने के साथ ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और मारपीट के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित कार्रवाई की स्थिति सामने आ सकेगी।

यह वीडियो भी देखें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *