वाराणसी के चौसठी घाट क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे बारिश के बीच एक पुराने और लंबे समय से बंद होटल का पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसा होटल ओंकार पैलेस, डी-22/10, चौसठी घाट में हुआ। होटल के मालिक के रूप में विजय द्विवेदी का नाम सामने आया है। राहत की बात यह रही कि जिस समय भवन का पिछला हिस्सा गिरा, उस दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। काफी दिनों से बंद था होटल स्थानीय लोगों के मुताबिक होटल काफी पुराना होने के कारण लंबे समय से बंद पड़ा था। भवन का पिछला हिस्सा पहले से ही जर्जर हालत में बताया जा रहा था। शनिवार को क्षेत्र में हो रही बारिश के बीच अचानक भवन का कमजोर हिस्सा ढह गया। माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर भवन की स्थिति और कमजोर हुई होगी, हालांकि गिरने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने आसपास के लोगों को किया सतर्क भवन का हिस्सा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया तथा जर्जर भवन के आसपास जाने से बचने की सलाह दी।

