छतरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश अब हादसों का कारण बनने लगी है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर मकान और दीवार गिरने की दो घटनाएं हुईं। इन हादसों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गढ़ी मलहरा थाना प्रभारी ओशो गुप्ता ने बताया कि थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में गुरुवार को एक जर्जर मकान की दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत की मौत हो गई। हादसे में तीन बच्चे भी दब गए, यह बच्चे मकान के पास खेल रहे थे। जिनमें 10 वर्षीय धीरेन्द्र राजपूत का पैर टूट गया और उसकी हालत गंभीर है। दो अन्य बच्चों को हल्की चोटें आईं हैं। बताया गया कि लक्ष्मी प्रसाद खेत की ओर जा रहे थे। तभी पुराने मकान की कमजोर दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में बुजुर्ग समेत तीन बच्चे दब गए। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। लक्ष्मी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर गढ़ी मलहरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मकान गिरने से मलबे में दबीं वृद्ध महिला
बिजावर थाना क्षेत्र के धरमपुरा पहलेपुरा गांव में एक और हादसा हुआ। यहां कच्चा मकान अचानक गिर जाने से 90 वर्षीय कालिया बाई बिन्दुआ की मलबे में दबकर मौत हो गई। बताया गया कि कालिया बाई घर में सो रही थीं। तभी मकान अचानक गिर गया और वह मलबे में दब गईं। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कच्चे मकानों के कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

