गोरखपुर में जन्माष्टमी के पर्व को लेकर जिला जेल परिसर में भी खास तैयारियां की गई। भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जेल परिसर के मंदिरों को सुंदर ढंग सजाया गया। बंदियों ने अपने- अपने बैरकों में आकर्षक झांकियां भी सजाई। शाम से ही भजन कीर्तन का दौर शुरू हो गया। पूरा जेल परिसर भक्तमय माहौल में डूब गया। 12 बजते ही कान्हा का जन्म कराया गया। उसके बाद बंदियों ने नाचते गाते उत्सव मनाया। करीब 250 बंदियों ने जन्माष्टमी का व्रत भी रखा। सभी व्रतियों के लिए जेल प्रशासन की ओर से नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। देखिए तस्वीरें…
सकारात्मक विचारों का संदेश देता ऐसा आयोजन- जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म करने और अपने कर्तव्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का यह आयोजन न केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बनेगा, बल्कि बंदियों के बीच सकारात्मकता और अच्छे विचारों का संदेश भी पहुंचाएगा। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म बुराई पर सच्चाई की जीत का संदेश देता है। जन्माष्टमी के अवसर पर जेल परिसर में धूमधाम से तैयारियां की गई।

