Maithili Thakur Viral Statement: आरक्षण के मुद्दे पर इन दिनों देश में चर्चा जारी है। इसी बीच बीजेपी विधायक और सिंगर मैथिली ठाकुर ने भी इस विषय पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि आरक्षण होना चाहिए या नहीं इसको लेकर कई लोगों के अलग-अलग विचार हो सकते हैं और इस मुद्दे पर घर से लेकर देश के स्तर तक चर्चा हो रही है।
‘हर किसी का नजरिया अलग हो सकता है’
मैथिली ठाकुर ने कहा कि जब आरक्षण जैसे मुद्दे पर लोग व्यक्तिगत तौर पर घर में बैठकर बातचीत करते हैं, तो इस पर तार्किक चर्चा होती है। हालांकि, बड़े समूह के बीच लोगों का नजरिया अलग-अलग हो सकता है।
उन्होंने ये भी कहा कि किसी व्यक्ति का मानना हो सकता है कि आरक्षण होना चाहिए, जबकि कोई दूसरा इसके खिलाफ अपनी राय रख सकता है। मैथिली ने इसे एक बड़ी और महत्वपूर्ण चर्चा बताया।
‘पूरे देश में हो रही है चर्चा’
मैथिली ठाकुर के मुताबिक देशभर में नेता और आम लोग अपने-अपने स्तर पर चर्चा कर रहे हैं और ऐसे में अलग-अलग विचार सामने आना स्वाभाविक है। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आखिर में “जो सबके हक में होगा, वो बात रखी जाएगी।” हालांकि, अपने बयान में उन्होंने आरक्षण के समर्थन या विरोध में कोई स्पष्ट पक्ष नहीं लिया, बल्कि अलग-अलग नजरियों पर चर्चा की।
मैथिली ठाकुर ने स्वरा भास्कर के बयान पर भी अपनी राय रखी
इसके साथ ही, सिंगर और बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने भी IANS संग बातचीत में स्वरा भास्कर के बयान पर भी कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और संवेदनशील विषयों पर बिना पूरी जानकारी के बोलना पूरी तरह से गलत है।
मैथिली ठाकुर ने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा, “यह बेहद भद्दी और बेकार बात है। जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने इतिहास के विपरीत जाकर उल्टी बातें की हैं, वह बहुत निराशाजनक है। अगर उन्हें इस पूरे ऐतिहासिक विषय और भारत की विरासतों की सही समझ नहीं थी, तो उन्हें इस पर टिप्पणी ही नहीं करनी चाहिए थी। कोई भी बयान देने से पहले पूरे इतिहास की सही पढ़ाई करना बेहद जरूरी है।”


