खरगोन जिले की खलटांका पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपए कीमत की 8 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। मास्टर चाबी से लॉक खोलकर चुराते थे बाइक
एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि आरोपी भीड़भाड़ और सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे। वे खासकर पुरानी या खराब लॉक वाली बाइक तलाशते थे। कई बार चाबी लगी बाइक भी चुरा लेते थे। आरोपी मास्टर चाबी से लॉक खोलकर बाइक चुराते थे। इसके बाद उन्हें जंगल में छिपा देते थे। बाद में इन्हें बेचने की तैयारी थी। बिना नंबर की बाइक से खुला मामला
चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की सीडी डिलक्स बाइक लेकर जा रहे उमेश नामदेव निवासी ठीकरी को रोका गया। वह बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। जांच में बाइक चोरी की निकली। बलकवाड़ा थाने में उमेश के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने साथी महादेव उर्फ मदन डावर और एक नाबालिग के साथ बाइक चोरी करना कबूल किया। खेतान फैक्ट्री के पीछे जंगल से मिलीं 8 बाइक
आरोपियों की बताई जगह पर खेतान फैक्ट्री के पीछे जंगल से 8 बाइक बरामद की गईं। इनमें सात हीरो एचएफ डिलक्स और एक बजाज पल्सर-150 शामिल हैं। इनमें 3 बाइक खलटांका क्षेत्र, 1 महेश्वर और 4 बाइक धार जिले के धामनोद क्षेत्र से चोरी की गई थीं। उमेश पर पॉक्सो एक्ट समेत 3 मामले
पुलिस ने उमेश पिता सुनील नामदेव और महादेव उर्फ मदन डावर को गिरफ्तार किया है। दोनों बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र के आवलीदढ़ के रहने वाले हैं। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, उमेश पर ठीकरी थाने में पॉक्सो एक्ट समेत तीन मामले दर्ज हैं। महादेव पर खरगोन कोतवाली में एक मामला दर्ज है।

