अनूपपुर के लखनपुर गांव में गुरुवार शाम से लापता 21 वर्षीय प्रतीक उर्फ आकार पटेल का शव शुक्रवार दोपहर पास के एक गहरे तालाब से निकाला गया। अनूपपुर की एसडीईआरएफ टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। विवेचक सहायक उपनिरीक्षक महिपाल प्रजापति ने बताया कि प्रतीक उर्फ आकार पटेल गुरुवार शाम 6 बजे से घर से लापता था। रातभर परिजनों ने गांव, आसपास और रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह परिजन घर से करीब सवा सौ मीटर दूर लखनपुर तालाब के पास गए। वहां उन्हें प्रतीक की चप्पलें किनारे रखी मिलीं। इसके बाद परिजनों ने तालाब में डूबने की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी। दोपहर 12.30 बजे मिला शव सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तालाब में युवक के डूबने की संभावना पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सुबह करीब 11 बजे रेस्क्यू टीम शव की तलाश में तालाब में उतरी। दोपहर करीब 12:30 बजे प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी की टीम ने शव को तालाब से निकाला और पुलिस को सौंप दिया। बताया गया कि जहां से शव मिला, वहां पानी करीब 10-12 फीट गहरा था। शव के हाथों में शैवाल जकड़े हुए थे। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने डूबते समय खुद को बचाने के लिए तालाब में उगे शैवाल को पकड़कर बाहर निकलने की कोशिश की होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर 3:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बोलता था किसी का नुकसान हो परिजनों के मुताबिक, युवक ज्यादा किसी से बात नहीं करता था। वह कभी-कभी कहता था कि ‘हमसे कोई गलती न हो, किसी का नुकसान न हो, इसके लिए क्या करना चाहिए?’ पुलिस के अनुसार, मृतक युवक अपने पिता की इकलौती संतान था।

