मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6 सितंबर को बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखेंगे। फिल्म में बाबा नीब करौरी के जीवन, उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व और हनुमान भक्ति से जुड़े प्रसंगों को पर्दे पर दिखाया गया है। मुख्यमंत्री के फिल्म देखने के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
इससे पहले 3 सितंबर को फर्रुखाबाद दौरे पर जाने से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने सेल्फी वीडियो संदेश में जिले को बाबा नीब करौरी की पावन धरा बताते हुए नमन किया था। उन्होंने कहा था कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत सामग्री वितरित करेंगे। बाढ़ प्रभावितों तक राहत पहुंचाने को बताया सरकार की प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री ने कहा था कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रत्येक जरूरतमंद तक भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर पहुंचाना डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है। संकट की घड़ी में सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है।
फर्रुखाबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करने और प्रभावित लोगों का कुशल-क्षेम जानने की बात कही थी। अपने संदेश में उन्होंने कहा था, “बाबा नीब करौरी की पावन धरा फर्रुखाबाद को मेरा सादर नमन।” ‘राधे-राधे’ से शुरू किया था संदेश, जन्माष्टमी की दी थी शुभकामनाएं मुख्यमंत्री ने 3 सितंबर को मथुरा दौरे से पहले भी सेल्फी वीडियो संदेश जारी किया था। इसकी शुरुआत उन्होंने ‘राधे-राधे’ संबोधन से की। उन्होंने कहा था कि ब्रज की पावन धरा पर आना उनके लिए विशेष अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि योगेश्वर श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य और लोक कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दी थीं।

