दिवंगत एक्टर असरानी को याद कर भावुक हुए अक्षय कुमार, ‘हैवान’ से साझा किया आखिरी शॉट, बोले- कोई आप जैसा नहीं

दिवंगत एक्टर असरानी को याद कर भावुक हुए अक्षय कुमार, ‘हैवान’ से साझा किया आखिरी शॉट, बोले- कोई आप जैसा नहीं

Asrani Last Shot in Haiwaan: हिंदी सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन असरानी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन पर्दे पर उनका जादू एक बार फिर दर्शकों को देखने को मिलने वाला है। अभिनेता की आखिरी फिल्म ‘हैवान’ उनकी यादों को बड़े पर्दे पर जिंदा रखने वाली है। फिल्म की रिलीज से पहले अक्षय कुमार ने असरानी का एक सीन सोशल मीडिया पर साझा किया और उनके साथ काम करने की अपनी याद को बेहद भावुक अंदाज में जाहिर किया।

‘हैवान’ में दिखाई देगा असरानी का आखिरी अभिनय

असरानी ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कॉमेडी के साथ-साथ गंभीर भूमिकाओं से भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। उनका खास अंदाज, डायलॉग बोलने का तरीका और स्क्रीन पर मौजूदगी उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती थी। अब उनकी अंतिम फिल्म ‘हैवान’ दर्शकों के सामने आने जा रही है।

अक्षय कुमार ने फिल्म का एक छोटा वीडियो साझा किया है, जिसमें असरानी और शारिब हाशमी के बीच मजेदार बातचीत दिखाई देती है। सीन में असलानी का किरदार अपना नाम बताता है और इसके बाद बातचीत उनके नाम को लेकर हास्यपूर्ण मोड़ ले लेती है। असरानी की कॉमिक टाइमिंग इस छोटे से दृश्य में भी साफ नजर आती है।

आखिरी बार कैमरे के सामने देखकर भावुक हुए अक्षय

इस वीडियो को शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने असरानी को याद किया। अभिनेता ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात थी कि उन्हें इस महान कलाकार के साथ काम करने और उनके अंतिम शॉट का हिस्सा बनने का मौका मिला।

अक्षय की इस पोस्ट के बाद असरानी के प्रशंसकों की भावनाएं भी सामने आईं। कई लोगों ने कमेंट के जरिए दिग्गज कलाकार को याद किया। किसी ने उन्हें सिनेमा का अनमोल कलाकार बताया तो किसी ने कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

असरानी और अक्षय कुमार का रिश्ता सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं रहा। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और दर्शकों को अपनी कॉमिक टाइमिंग से खूब मनोरंजन किया। ‘हेरा फेरी’, ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’, ‘वेलकम’, ‘दे दना दन’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी फिल्मों में दोनों कलाकार साथ नजर आए थे।

‘हैवान’ में अक्षय बने हैं खतरनाक किरदार

‘हैवान’ को निर्देशक प्रियदर्शन ने बनाया है। यह फिल्म उनकी मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रूपांतरण है। कहानी में सैफ अली खान एक दृष्टिबाधित मार्शल आर्टिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी एक बच्ची की सुरक्षा से जुड़ जाती है। वहीं अक्षय कुमार फिल्म में एक खतरनाक और हिंसक किरदार में दिखाई देंगे।

फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर, राजपाल यादव और शारिब हाशमी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। अक्षय और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अंतराल के बाद पर्दे पर साथ दिखाई देगी। दोनों इससे पहले ‘टशन’ में नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *