कान्हा जन्मोत्सव पर सर्जिकल स्ट्राइक, पहलगाम हमले की झांकी:प्रयागराज में कृष्ण लीलाओं के साथ भारतीय सेना का शौर्य दिखा

कान्हा जन्मोत्सव पर सर्जिकल स्ट्राइक, पहलगाम हमले की झांकी:प्रयागराज में कृष्ण लीलाओं के साथ भारतीय सेना का शौर्य दिखा

प्रयागराज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के मुख्य मंदिरों, पुलिस लाइंस और मोहल्लों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के लिए सुंदर झांकियां सजाई गई हैं। इस बार के आयोजनों में धार्मिक कहानियों के साथ-साथ देशभक्ति के विषय भी शामिल किए गए हैं। इनमें पहलगाम आतंकी हमला और भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का प्रदर्शन श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण बना हुआ है। शहर के रिजर्व पुलिस लाइंस और धूमनगंज स्थित चौथी बटालियन पीएसी परिसर में पंडाल लगाए गए हैं। पुलिस लाइंस में कान्हा के जेल में जन्म और वासुदेव द्वारा यमुना पार करने की पारंपरिक झांकी के पास भारतीय सेना के शौर्य को दिखाती एक खास झांकी बनाई गई है। इसमें पहलगाम हमले की घटना और उसके बाद जवानों द्वारा आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक को साउंड, लाइट इफेक्ट्स और चलते-फिरते पुतलों से दिखाया गया है। वर्दीधारी जवानों और दर्शकों में इस झांकी को लेकर काफी उत्साह है। कटरा रामलीला मैदान और आसपास के पंडालों में इलेक्ट्रॉनिक और स्वचालित झांकियां लगाई गई हैं। यहां श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद और कालिया नाग दमन के साथ ही देश की रक्षा का संदेश देने वाली कलाकृतियां भी हैं। सिविल लाइंस के श्री राधा-रमण मंदिर और चौक के गोपाल मंदिर में फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से गर्भगृह को सजाया गया है। अल्लापुर और दारागंज के मोहल्लों में भी स्थानीय कमेटियों ने सुरक्षा बलों के पराक्रम और कान्हा की बाल लीलाओं को दिखाया है। सुरक्षा के इंतजामों के बीच देर रात तक कान्हा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रहेगी। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *