कन्नौज के गुरसहायगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में आस्था और उल्लास का संगम देखने को मिला। यहां प्राचीन राम मंदिर से विशाल प्रभातफेरी निकाली गई। यहां भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल गुंजायमान हो गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के दिन गुरसहायगंज नगर के लोग हाथों में धर्मध्वजा लेकर प्रभातफेरी में शामिल हुए। प्रभात फेरी के लिए सुबह से ही भक्तगण कुर्ता पायजामें में और महिलाएं साड़ी पहनकर राम मन्दिर परिसर में एकत्र हुए। यहां से गुरुवार सुबह 8 बजे प्रभातफेरी जीटी रोड होते रामगंज, चकोर रोड तिर्वा रोड होते हुए राम मंदिर पहुंची। जहां प्रभात फेरी का समापन किया गया। प्रभातफेरी में आकर्षक झाकियां और धर्मध्वज शामिल रहे। जिनका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और उत्साह के साथ नगर भ्रमण किया। यहां महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के साथ बच्चों ने भी उत्साह के साथ प्रभातफेरी में सहभागिता की। आयोजक मंडल के सदस्य बृजेश गुप्ता (रामू) ने बताया कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश को आत्मसात करने का अवसर भी है। प्रभात फेरी के माध्यम से नगरवासियों को धर्म, संस्कार, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्ति गीतों से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। प्रभात फेरी के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। प्रभात फेरी में देवेंद्र देव, नीरज मिश्रा, इशू गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, पंकज दुबे, दीपक गुप्ता सहित तमाम लोगों ने सहयोग प्रदान किया।

