महानगर की प्रमुख ग्रीन पार्क रेजिडेंशियल अपार्टमेंट वेलफेयर सोसायटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिर में होने वाली महाआरती और भजन-कीर्तन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोसायटी प्रबंधन और निवासियों का कहना है कि जन्माष्टमी को लेकर बृहस्पतिवार रात 11:15 बजे महाआरती का कार्यक्रम तय किया गया था। इसकी जानकारी सोसायटी के आधिकारिक वाट्सऐप ग्रुप पर भी साझा की गई थी। आरोप है कि बाद में बिल्डर की ओर से ग्रुप में भेजी गई सूचना को डिलीट कर दिया गया और रात आठ बजे के बाद मंदिर बंद रखने का संदेश दिया गया। मामले में ग्रीन पार्क अपार्टमेंट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष हरेंद्र कुमार वाष्र्णेय ने थाना महुआखेड़ा में शिकायत देकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
पहले ग्रुप में दी गई कार्यक्रम की जानकारी
शिकायत के अनुसार जन्माष्टमी पर प्रबंधन समिति और निवासियों की ओर से मंदिर में रात बृहस्पतिवार रात महाआरती कराने का निर्णय लिया गया था। जिसमें तय किया गया कि शुक्रवार रात 11:15 बजे महाआरती की जाएगी। कार्यक्रम की जानकारी आधिकारिक वाट्सऐप ग्रुप पर साझा की गई। इसके बाद आरोप है कि बिल्डर की ओर से उस संदेश को डिलीट कर दिया गया। सोसायटी के लोगों का आरोप है कि इसके बाद ग्रुप में संदेश भेजकर रात आठ बजे के बाद मंदिर बंद रखने और निर्धारित समय के बाद किसी भी आरती पर रोक लगाने की बात कही गई। इससे निवासियों में नाराजगी बढ़ गई। अध्यक्ष हरेंद्र कुमार वाष्र्णेय ने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर जन्माष्टमी कार्यक्रम को लेकर बनी स्थिति का समाधान कराने की मांग की है।
धार्मिक आयोजन में हस्तक्षेप का आरोप
सोसायटी के सीईओ देवी धनंजय सिंह ने बताया कि ग्रीन पार्क में धार्मिक आयोजन और मंदिर के संचालन को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले में समाधान के लिए दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी। वहीं, सोसायटी के लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी का कार्यक्रम सामूहिक रूप से आयोजित किया जाना है और इसमें बड़ी संख्या में निवासी शामिल होंगे। ऐसे में महाआरती के समय को लेकर विवाद से लोगों में रोष है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और मामले का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

