सीतापुर में जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट:लेखपाल की नपाई के बाद भी नहीं सुलझा, एक ही परिवार के तीन लोग घायल

सीतापुर में जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट:लेखपाल की नपाई के बाद भी नहीं सुलझा, एक ही परिवार के तीन लोग घायल

सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजुरिया निवासी रामप्रकाश और इसी गांव के अंकित के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार को राजस्व विभाग के लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर विवादित जमीन की नपाई कर उसका बंटवारा किया था। इसके बावजूद दोनों पक्ष जमीन के बंटवारे से संतुष्ट नहीं थे। इसी बात को लेकर गुरुवार शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान अंकित पक्ष के लोगों ने रामप्रकाश और उनके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना में रामप्रकाश पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। परिजनों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं रामप्रकाश पक्ष की ओर से थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *