इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में 25 दिन पहले प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। नेहरूनगर में गुरुवार को वंदना कुशवाह का शव घर के बाहर बने हौज में पड़ा मिला। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस को वंदना के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने उसके पति उपेंद्र पटेल और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। 11 अगस्त को किया था प्रेम विवाह
पुलिस के मुताबिक उपेंद्र और वंदना पहले राऊ के नेहरूनगर में रहते थे। उपेंद्र के नशे की आदत के चलते वंदना का परिवार राजनगर में किराए के मकान में रहने चला गया था। इसके बाद उपेंद्र ने 11 अगस्त को वंदना के साथ प्रेम विवाह कर लिया। वंदना के परिजनों ने चंदन नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में वंदना के थाने में बयान हुए। बालिग होने के कारण उसने उपेंद्र के साथ रहने की बात कही, जिसके बाद दोनों उपेंद्र के घर रहने लगे। परिजनों के मुताबिक नशे की आदत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। चीखने की आवाज के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
गुरुवार दोपहर उपेंद्र के घर से वंदना के चीखने की आवाजें पड़ोसियों ने सुनी थीं। कुछ देर बाद उपेंद्र घर से बाहर निकला तो पड़ोसियों ने उसकी शर्ट पर खून के निशान देखे। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। रात में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वंदना का शव हौज से बाहर निकलवाया। उपेंद्र फुटपाथ पर जूते-चप्पल की दुकान लगाता है। एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार मामले में पति और जेठ से पूछताछ की जा रही है तथा शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

