गोरखपुर जंक्शन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब मुजफ्फरपुर जाने वाली ट्रेन गरीब रथ एक्सप्रेस (12212) करीब छह घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही। लंबे समय तक ट्रेन के रवाना नहीं होने से परेशान 100 से अधिक यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। यात्रियों के ट्रैक पर उतरने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
सुबह 11:50 बजे गोरखपुर पहुंची थी ट्रेन
ट्रेन नंबर 12212 गरीब रथ एक्सप्रेस गुरुवार सुबह करीब 11:50 बजे गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर पहुंची थी। ट्रेन को गोरखपुर के रास्ते मुजफ्फरपुर जाना था। यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से चलकर मुजफ्फरपुर जाती है।
गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड के बीच पैच दोहरीकरण का काम चलने और निरीक्षण के कारण ट्रेन को गोरखपुर जंक्शन पर ही रोक दिया गया। ट्रेन काफी देर तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही और यात्रियों को आगे बढ़ने का इंतजार करना पड़ा।
छह घंटे इंतजार के बाद ट्रैक पर उतरे यात्री
ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा। शाम करीब चार से पांच बजे के बीच 100 से अधिक यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म नंबर पांच और छह के ट्रैक पर पहुंच गए।
यात्रियों ने ट्रेन को इतनी देर तक खड़ा रखने का विरोध किया। काफी संख्या में लोगों के ट्रैक पर उतरने से रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान यात्रियों के ट्रैक पर उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ
यात्रियों के ट्रैक पर उतरने की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक गरिजेश विश्वकर्मा और उनकी टीम ने यात्रियों को समझाना शुरू किया।
आरपीएफ ने यात्रियों को ट्रैक पर रहने से होने वाले खतरे के बारे में बताया और उनसे वापस ट्रेन में जाने की अपील की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद यात्रियों को ट्रैक से हटाया गया और उन्हें दोबारा ट्रेन में बैठाया गया।
शाम 5:54 बजे रवाना हुई गरीब रथ
काफी देर तक खड़ी रहने के बाद ट्रेन नंबर 12212 गरीब रथ एक्सप्रेस आखिरकार शाम 5:54 बजे गोरखपुर जंक्शन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
इस दौरान रेलवे और आरपीएफ की टीम ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद स्टेशन पर स्थिति सामान्य हुई।
पैच दोहरीकरण के कारण हुई देरी
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक बृजेश विश्वकर्मा ने बताया कि गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच पैच दोहरीकरण का काम और उसका निरीक्षण के चलने के कारण ट्रेन को गोरखपुर जंक्शन पर रोका गया था। काफी देर तक ट्रेन खड़ी रहने की वजह से कुछ यात्री नाराज होकर ट्रैक पर उतर गए थे। उन्होंने बताया कि आरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाया और उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस ट्रेन में बैठाया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

