राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को 18 प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 33 वाहन सीज किए गए। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 3,453 चालान किए गए। हेलमेट नहीं लगाने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। ऐसे 1,382 चालान किए गए। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 765 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। रांग साइड वाहन चलाने वालों के 514 चालान किए गए। इसके अलावा दोषपूर्ण नंबर प्लेट के 169, बिना बीमा वाहन चलाने के 106 और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 96 मामले पकड़े गए। मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 55 वाहनों पर कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस ने अनावश्यक शोर और ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ऐसे 55 वाहनों के चालान किए गए और 43 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक वाहनों में अवैध तरीके से किए गए बदलाव से तेज आवाज होती है, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों को परेशानी होती है। कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को भी इसके दुष्प्रभावों और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया।

