सीहोर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रिटायर्ड इंजीनियर के सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो गई। जिसका सीसीटीवी भी सामने आया है। घनश्याम गुप्ता 29 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ गुजरात के नडियाद गए थे। लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर का सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, बदमाश दो सोने के सिक्के, पेंडेंट सहित एक सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां ले गए। इसके अलावा चांदी की पांच जोड़ी पायजेब, सात जोड़ी बिछिया और बच्चों के चार कड़े भी चोरी हुए हैं। कुछ नकदी भी चोरी हुई है। सभी की कीमत 5-6 लाख बताई जा रही है। बदमाशों ने इंटरलॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया था। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे। रात में परिचित को घर देखने भेजा था घनश्याम गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मोबाइल पर घर के कैमरे बंद देखे थे। इसके बाद उन्होंने रात में एक परिचित को घर की स्थिति देखने के लिए भेजा। परिचित ने बाहर से गेट का ताला सही सलामत देखा और वापस लौट गया। उस समय बदमाश घर के अंदर ही थे। पुलिस ने जांच शुरू की घनश्याम गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी और चोरी से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

