शहडोल नगर पालिका की नवागत सीएमओ आशा भंडारी ने गुरुवार को शहर की प्रमुख सड़कों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोड़ा नाला तक सड़क पर बने गड्ढों की दो दिन के भीतर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मॉडल रोड निर्माण में बाधक बिजली के पोल होंगे शिफ्ट सीएमओ ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मॉडल रोड की प्रगति देखी। सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को जल्द शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग को निर्देशित किया गया, ताकि काम में तेजी आ सके। सड़क किनारे जमा मलबा तुरंत हटाने के आदेश निरीक्षण के दौरान दुकानों व मकानों के सामने पड़ा निर्माण का मलबा देखकर सीएमओ ने उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्सन की व्यवस्था की जाए। व्यापारियों और नागरिकों की समस्याएं सुनी निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने सड़क निर्माण से हो रही असुविधाओं व यातायात समस्याओं से सीएमओ को अवगत कराया। सीएमओ ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित उपयंत्रियों व अधिकारियों को तुरंत समाधान के आदेश दिए।

