पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने वाले अभिनंदन ने एयरफोर्स छोड़ी:प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन की; 2019 एयर स्ट्राइक में PoK में पकड़ाए थे, फिर रिहा हुए

पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने वाले अभिनंदन ने एयरफोर्स छोड़ी:प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन की; 2019 एयर स्ट्राइक में PoK में पकड़ाए थे, फिर रिहा हुए

इंडियन एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्तमान ने रिटायरमेंट ले ली है। उन्होंने अब प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च 2026 को वायुसेना छोड़ी और बाद में रीजनल एयरलाइन FLY91 से जुड़ गए। अभिनंदन 27 फरवरी 2019 में पाकिस्तानी फाइटर जेट F-16 को मार गिराने के बाद चर्चा में आए थे। इस दौरान उनका MiG-21 मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें इजेक्ट होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरना पड़ा। पाकिस्तान ने उन्हें करीब 60 घंटे हिरासत में रखने के बाद 1 मार्च 2019 को भारत को सौंप दिया था। पुलवामा हमले के बाद शुरू हुआ था एयर ऑपरेशन 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों का बड़ा दल LoC की ओर बढ़ा। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 Bison स्क्वाड्रन में तैनात थे और ऑपरेशनल रेडीनेस ड्यूटी पर थे। पाकिस्तानी विमानों का पता चलने के करीब पांच मिनट बाद उन्हें इंटरसेप्ट करने के लिए भेजा गया था। आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के मुताबिक, उन्होंने दुश्मन के विमानों का साहस के साथ मुकाबला किया और एक पीछे हट रहे विमान का पीछा किया। वीर चक्र में बहादुरी का जिक्र इस कार्रवाई के लिए अभिनंदन को 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। वीर चक्र के प्रशस्ति-पत्र में कहा गया कि उन्होंने पाकिस्तानी विमानों की संख्या और तकनीकी बढ़त के बावजूद उनका मुकाबला किया। उनके आक्रामक युद्धाभ्यास से दुश्मन के विमान रणनीतिक रूप से मुश्किल स्थिति में आ गए थे। अब ATR 72-600 उड़ाएंगे वायुसेना छोड़ने के बाद अभिनंदन ने सिविल एविएशन का रुख किया है। वह क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं, जो छोटे शहरों के बीच हवाई कनेक्टिविटी पर फोकस करती है। FLY91 ने मार्च 2024 में उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं। इसके दो बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। FLY91 के प्रवक्ता ने अभिनंदन के जुड़ने पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। एयरलाइन ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी निजी मामला है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *