मुजफ्फरनगर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर पालिका की टीम ने बुधवार शाम करीब 5 बजे से 6:30 बजे तक संयुक्त अभियान चलाया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चले अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। वहीं, नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 232 वाहनों के चालान किए गए। सड़क किनारे से हटवाया अतिक्रमण एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे के अनुसार, अभियान मालवीय चौक से शुरू होकर अंसारी रोड, घास मंडी, नोवेल्टी चौक होते हुए शिव चौक तक चलाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अभियान में यातायात पुलिस के साथ नगर पालिका की टीम भी मौजूद रही। टीम ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर रखे गए सामान को जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। नो-पार्किंग में खड़े 232 वाहनों के चालान अतिक्रमण हटाने के साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 232 वाहनों के चालान किए। पुलिस का कहना है कि सड़क पर अनियमित तरीके से वाहन खड़े करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात नियमों का पालन करने की अपील यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने को कहा है। यातायात पुलिस के मुताबिक, सड़क सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

