बालसमंद नहर में बुधवार को अपनी दो बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रहा तीसरी कक्षा का 9 वर्षीय बच्चा हाथ धोते समय नहर के पानी के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार, आजाद नगर की मनीराम ढाणी निवासी नीतू का बेटा हार्दिक, पटेल नगर स्थित सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को हार्दिक अपनी दो बहनों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान कैमरी रोड स्थित नहर पुल के पास वह नहर में हाथ धोने के लिए किनारे पर गया। हाथ धोते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। यहां देखें फोटो… भाई को गिरते देख बहनों ने मचाया शोर हार्दिक के नहर में बहने का पता उसकी दोनों बहनों को चला। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी नहर में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नहर में बच्चे की तलाश शुरू की। परिवार के अन्य सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे के नहर में बहने की सूचना मिलते ही मां नीतू और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य नहर किनारे बैठकर बच्चे के मिलने की उम्मीद में बेसब्री से इंतजार करते रहे। निजी स्कूल में काम करती है बच्चों की मां नीतू ने बताया कि उसके दो बेटियां और एक बेटा पटेल नगर स्थित स्कूल में पढ़ते हैं। वह स्वयं निजी स्कूल में काम करती है, जबकि उसका पति पेंटर का काम करता है। बेटे के नहर में डूबने की सूचना मिलने के बाद पूरा परिवार घटनास्थल पर पहुंच गया। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।

