नरसिंहपुर जिले में बुधवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई, जब दिल्ली से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पूर्व विधायक संजय शर्मा के हाईवे स्थित कार्यालय पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब आधा दर्जन गाड़ियों से पहुंची टीम ने जिले में उनके अलग-अलग कार्यालयों में जांच शुरू की है। तीन जगहों पर दस्तावेजों की जांच बताया जा रहा है कि ED की टीम राजमार्ग के अलावा तेंदूखेड़ा और देवरी स्थित कार्यालयों में भी पहुंची है। अधिकारी कार्यालय के अंदर दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी में यह कार्रवाई पूर्व विधायक संजय शर्मा के किसी कारोबार से जुड़े मामले को लेकर बताई जा रही है। हालांकि, ED की ओर से कार्रवाई के कारण या जांच को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की टीम मौके पर नहीं भेजी गई बरमान चौकी प्रभारी ने बताया कि सेंट्रल गवर्नमेंट की टीम मौके पर आई हुई है। पुलिस की ओर से फिलहाल कोई टीम नहीं भेजी गई है। जांच किस मामले में और किन दस्तावेजों को लेकर की जा रही है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। ED की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पूर्व विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर ED का छापा:दिल्ली से आई टीम तेंदूखेड़ा और देवरी में कर रही जांच; दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

