नहर से मिला 40 साल के युवक का शव:अम्बेडकरनगर में डूबने की आशंका, घर से निकला नहीं लौटा

नहर से मिला 40 साल के युवक का शव:अम्बेडकरनगर में डूबने की आशंका, घर से निकला नहीं लौटा

अम्बेडकरनगर के आलापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर औरांव नहर में बुधवार सुबह करीब 40 साल के एक युवक का शव मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मृतक की पहचान ख्वाजेबड़ापुर गांव निवासी राम केदार के बेटे उमेश के तौर पर हुई है। परिवार वालों ने बताया कि उमेश मंगलवार सुबह किसी काम से घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां खोजबीन करने के बाद भी उमेश का कुछ पता नहीं चल सका। परिवार वाले उनकी तलाश में लगे हुए थे। इसी बीच बुधवार सुबह शाहपुर औरांव नहर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पहचान कराई। उमेश के शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेहाल थे। इंस्पेक्टर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि नहर में डूबने से मौत की आशंका है। हालांकि, मौत की सही वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *