सुल्तानपुर में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन पर असर डाला है। इसके साथ ही प्रशासन के विकास के दावों की पोल भी खुल गई है। लंभुआ तहसील क्षेत्र से दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें एक स्कूल की छत का प्लास्टर गिरता दिख रहा है, जबकि दूसरे में ब्लॉक कार्यालय की छत से पानी टपक रहा है। पहला वीडियो लंभुआ ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परशुराम का है। यहां क्लास चल रही थी, तभी छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। अच्छी बात यह रही कि बच्चे थोड़ा हटकर बैठे थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। इस घटना से कक्षा में मौजूद बच्चे और अध्यापक घबरा गए। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन काफी पुराना और खराब हालत में है। इसकी मरम्मत के लिए कई बार विभाग को बताया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई और जल्द भवन की मरम्मत की मांग की।
वहीं, मंगलवार को हुई बारिश ने ब्लॉक पीपी कमैचा के कार्यालय भवन की खराब हालत सामने ला दी। बारिश के दौरान ब्लॉक कार्यालय की छत से जगह-जगह पानी टपकने लगा। कार्यालय के हॉल से लेकर मनरेगा कक्ष और परिसर के कई हिस्सों में बारिश का पानी भर गया। तेज बारिश होते ही छत से लगातार पानी टपकने से फर्श पर पानी फैल गया। ब्लॉक कार्यालय की दीवारों पर भी सीलन और नमी साफ दिखी। कई दीवारें बारिश के पानी से गीली हो गईं। लगातार पानी टपकने और परिसर में पानी भरने से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। यह तस्वीरें सार्वजनिक भवनों की खराब हालत दिखाती हैं, जिससे कर्मचारियों और आने-जाने वालों को दिक्कत हुई।

