बदायूं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और एकादशी पर्व को लेकर बदायूं में सुरक्षा व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया गया है। शहर के प्रमुख मंदिरों और उनके आसपास के रास्तों पर जिलेभर के थानों की पुलिस और पीएसी तैनात की जाएगी। भीड़ वाले इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। कांवड़ यात्रा के बाद अब जन्माष्टमी की तैयारी पुलिस ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद अब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जन्माष्टमी का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन स्थित मंदिर में होगा। यहां आकर्षक सजावट के साथ स्कूली बच्चों के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। झांकियां भी निकाली जाएंगी, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। 7 सितंबर को एकादशी, प्रमुख मंदिरों पर विशेष नजर एकादशी का पर्व 7 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन शहर के छोटे-बड़े मंदिरों को सजाया जाएगा। प्रशासन का विशेष ध्यान बिरुआबाड़ी, हरप्रसाद, लक्ष्मी नारायण, पंजाबी मंदिर और सहस्त्रधाम गौरीशंकर देवालय पर रहेगा। इन मंदिरों में शाम से देर रात तक हजारों श्रद्धालु सजावट और झांकियां देखने पहुंचते हैं।
मंदिरों के रास्तों पर चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद मंदिरों के अलावा उनके आसपास के रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाले रास्तों पर चार पहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ वाले स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान भी इन मंदिरों में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचे थे। उस समय यहां लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस सदर कोतवाली पुलिस के साथ सीधे कंट्रोल रूम को दिया गया था। इन कैमरों के जरिए पुलिस लगातार गतिविधियों पर नजर रखेगी।
सभी थानों की पुलिस तैनात, फायर टेंडर और क्यूआरटी भी रहेगी एकादशी पर्व के दौरान शहर में सदर कोतवाली, सिविल लाइंस और महिला थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों का पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा ड्यूटी में लगाया जाएगा। बड़े मंदिरों पर फायर टेंडर के साथ क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) की तैनाती भी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करना है।

