दियूनी-बैराज से गर्रा नदी में छोड़ा 21 हजार क्यूसेक पानी:जलस्तर 2 मीटर बढ़ने की संभावना, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

दियूनी-बैराज से गर्रा नदी में छोड़ा 21 हजार क्यूसेक पानी:जलस्तर 2 मीटर बढ़ने की संभावना, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

शाहजहांपुर गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पीलीभीत के दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 21,560 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे नदी का जलस्तर वर्तमान स्तर से करीब दो मीटर तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। 3-4 दिन में शाहजहांपुर पहुंचेगा पानी शारदा नहर खंड (सिंचाई विभाग) से मिली जानकारी के अनुसार, दियूनी बैराज से छोड़ा गया पानी अगले 3 से 4 दिनों में शाहजहांपुर शहर क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है। अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर फिलहाल 145.55 मीटर है। पानी पहुंचने के बाद जलस्तर में करीब दो मीटर की वृद्धि होने का अनुमान है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को नदी के जलस्तर और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। पिछले साल बाढ़ में हाईवे से मेडिकल कॉलेज तक भरा था पानी पिछले साल आई बाढ़ से शाहजहांपुर शहर में काफी नुकसान हुआ था। उस दौरान हाईवे, मेडिकल कॉलेज और आसपास की कई कॉलोनियों में बाढ़ का पानी भर गया था। इससे लोगों को परेशानी के साथ लाखों रुपये का नुकसान भी हुआ था। पिछली बाढ़ को देखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही सतर्कता बरत रहा है। डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
नदी के किनारे और घाटों पर जाने से बचें प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों, घाटों और अजीजगंज पुल के निचले हिस्सों में स्नान करने, पशुओं को नहलाने या घूमने के लिए न जाएं। बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है। मवेशियों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर बांधने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
जरूरी सामान ऊंचे स्थान पर रखें डूब क्षेत्र में रहने वाले लोग अपने जरूरी दस्तावेज, राशन, दवाइयां और कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रख लें। प्रशासन ने लोगों को किसी भी आपात स्थिति के लिए पहले से तैयारी रखने की सलाह दी है। प्रशासन ने यह भी अपील की है कि किसी भी तरह की गलत सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जलस्तर अधिक बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के स्थानांतरण और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का तत्काल पालन करें। बाढ़ से बचाव के लिए ककरा पुल 80 सेंटीमीटर ऊंचा किया पिछली बार आई बाढ़ में अजीजगंज क्षेत्र भी काफी प्रभावित हुआ था। बाढ़ के पानी से बचाव के लिए ककरा पुल को 80 सेंटीमीटर ऊंचा किया गया है। इस काम पर करीब सवा चार करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे भविष्य में बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में पानी के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *