भास्कर न्यूज | जालंधर डॉ. बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जालंधर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा ‘इलेक्ट्रिक वाहन और सस्टेनेबल मोबिलिटी’ विषय पर एक सप्ताह की वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित यह वर्कशॉप 2 से 6 सितंबर तक ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। इसका मुख्य उद्देश्य इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में कार्यरत छात्रों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों (शिक्षकों) और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स को अत्याधुनिक तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। कार्यशाला की सबसे बड़ी खासियत इसका व्यावहारिक दृष्टिकोण है। प्रतिभागियों को केवल थ्योरी तक सीमित न रखकर एनआईटी जालंधर की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन प्रयोगशाला में ‘हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग’ दी जाएगी। ईवी की असेंबली और डिसअसेंबली, बैटरी पैक की असेंबली व उससे जुड़ी सुरक्षा प्रक्रियाएं। ईवी पावरट्रेन, चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना, ग्रिड इंटीग्रेशन और उनके सुचारू संचालन को व्यावहारिक रूप से समझाया जाएगा। वर्कशॉप की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एनआईटी जालंधर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में करीब 6.5 करोड़ की लागत से स्थापित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ और ईवी लैब का उपयोग किया जाएगा। प्रतिभागी ईवी उपकरणों पर काम करने के साथ मैटलैब और पीएससीएडी जैसे उन्नत सिमुलेशन सॉफ्टवेयर के जरिए वाहनों के प्रदर्शन का विश्लेषण, मॉडलिंग और परीक्षण करना भी सीखेंगे।

