सपा नेता डक्कू, महानगर अध्यक्ष पर केस दर्ज:जमीन कब्जा व मारपीट का आरोप लगाया; डक्कू ने कहा-अपनी जमीन पर मलबा हटाने गए थे

सपा नेता डक्कू, महानगर अध्यक्ष पर केस दर्ज:जमीन कब्जा व मारपीट का आरोप लगाया; डक्कू ने कहा-अपनी जमीन पर मलबा हटाने गए थे

सपा के वरिष्ठ नेता एवं गोरखपुर ग्रामीण से विधानसभा चुनाव लड़ चुके जफर अमीन डक्कू पर खोखर टोला में जमीन कब्जाने एवं मारपीट के आरोप लगे हैं। मंगलवार की देर रात राजघाट थाने में उनपर एफआईआर दर्ज की गई। उनके साथ ही सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी सहित अन्य पर भी केस दर्ज किया गया है। सपा नेता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वह अपनी जमीन से मलबा हटाने और वहां निर्माण के लिए गए थे लेकिन दूसरे हिस्से पर किराएदार के रूप में रह रहीं महिलाओं ने आरोप लगाना शुरू कर दिया। मंगलवार को वायरल एक वीडियो में कुछ महिलाएं जफर अमीन डक्कू से भिड़ी नजर आ रही हैं। समर्थकों के साथ मलबा हटाने पहुंचे डक्कू से महिलाओं की नोंकझोक भी हुई। उस स्थान पर लगभग 15 मिनट तक हंगामा चला। बाद में पुलिस आयी और दोनों पक्षों को शांत कराया। देर रात खोखर टोला निवासी शहाना खातून की तहरीर पर राजघाट पुलिस ने सपा नेता जफर अमीन डक्कू, सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी व अन्य के खिलाफ जमीन कब्जाने, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। शहाना खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खोखरटोला स्थित एक मकान पर करीब 70 वर्षों से काबिज हैं। उनका दावा है कि मकान डीह की आराजी संख्या 91 की जमीन पर बना है। तहरीर के मुताबिक, उक्त जमीन पूर्व जमींदार वल्लभदास की थी, जिन्होंने उनके पूर्वजों को रहने के लिए मकान बनाने के लिए दी थी। महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में सपा नेता जफर अमीन डक्कू ने उनके मकान के आधे हिस्से पर कब्जा कर लिया था। अब मंगलवार को डक्कू, शब्बीर कुरैशी और उनके समर्थक दोबारा मौके पर पहुंचे और बचे हुए हिस्से पर भी कब्जा करने का प्रयास करने लगे।
महिला के मुताबिक, उसने इसका विरोध करते हुए जमीन को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद महिला को बचाया जा सका। शहाना ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानिए महिलाओं के आरोप पर सपा नेता ने क्या कहा? सपा नेता जफर अमीन डक्कू ने कहा कि उन्होंने 2017 में एक जमीन खरीदी थी। उसका आधा हिस्सा उनके कब्जे में है और आधे हिस्से में किराएदार है। सपा नेता का कहना है कि उनके हिस्से में 35 साल से कोई रहता नहीं है। मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम में शिकायत की थी कि मकान जर्जर है, उसे ध्वस्त कर दिया जाए। जिसके बाद निगम ने 2020 में सपा नेता को नोटिस दिया कि मकान को ध्वस्त करा दिया जााए। 2023 में फिर नोटिस दिया गया। इसके बाद चेतावनी दी गई कि यदि मकान नहीं गिरवाएंगे तो नगर निगम गिरवा देगा और उसका खर्च सपा नेता से वसूल किया जाएगा। जिसके बाद वह हिस्सा गिरवा दिया गया। उसका मलबा पड़ा है।
सपा नेता डक्कू का कहना है कि किराएदार एक हिस्से में हैं। वे कोर्ट गए लेकिन स्टे नहीं मिला। उनसे कागज मांगा गया तो कागज नहीं दिखा सके। पुलिस के सामने भी मामला गया। स्टे का कागज मांगा गया लेकिन वे नहीं दिखा सके। मलबा हटाने के लिए भी कहा गया। तीन दिन पहले मौके पर इंसपेक्टर भी पहुंचे थे। उनके सामने किराएदारों ने कहा कि यह जमीन रजिस्ट्री कर दें। बाद में बातचीत के बाद किराएदारों ने कहा कि हमें डिस्टर्ब किए बिना ये बनवा सकते हैं। सपा नेता का कहना है कि पुलिस के सामने यह बात हुई थी। 3 दिन बाद आज जब बनवाने गए तो वही महिलाएं विरोध करने लगीं। सबने देखा, वे अभद्र व्यवहार कर रही थीं। इस मामले में सीओ ने बुलाया है। मेरे पास पूरे कागज हैं। मैं वहां जाकर कागज दिखाउंगा।
सीसीटीवी से निगरानी कर रही पुलिस दिन में हुए विवाद के बाद पुलिस ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद राजघाट पुलिस ने विवादित स्थल पर दो सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए, जिससे जमीन पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जा सके और दोबारा किसी तरह के कब्जे या विवाद की स्थिति न बने। राजस्व विभाग को जमीन के अभिलेखों और दोनों पक्षों के दावों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही : एसपी सिटी
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जमीन के वास्तविक स्वामित्व और स्थिति का निर्धारण राजस्व अभिलेखों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद होगा। पुलिस को मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *