अलवर के गोविंदगढ़ में रविवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक मर्सिडीज कार पीछे से चलते कंटेनर में घुस गई थी। हादसे में कार सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। घटना का सीसीटीवी मंगलवार को सामने आया है। हादसा सिरमौर पुलिया के पास चैनल नंबर 94 पर हुआ था। जयपुर से दिल्ली जा रहा था युवक बड़ोदामेव थाना अधिकारी राजकुमार मीना ने बताया -मृतक की पहचान जयपुर के वैशाली नगर स्थित गांधी पथ निवासी प्रियांशु (22) पुत्र रमेश चौधरी के रूप में हुई है। प्रियांशु नोएडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। रविवार को वह कार से जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। सिरमौर पुलिया के पास उसके आगे चल रहे कंटेनर का टायर फट गया। टायर फटने के बाद कंटेनर एक्सप्रेसवे की पहली लेन में रुक जाता है। इसी दौरान कार सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। NHAI की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल प्रियांशु को बड़ौदा मेव अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिजन अलवर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। युवक को झपकी आई पुलिस ने बताया- हादसे के दौरान प्रियांशु को झपकी आने की बात सामने आई है। इसी दौरान कार आगे रुके कंटेनर से टकरा गई। हालांकि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

