मेरठ के शास्त्रीनगर प्रकरण को लेकर 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारियों और आंदोलन से जुड़े लोगों ने मंगलवार को भी जनसंपर्क अभियान चलाया। व्यापारी शहर के अलग-अलग बाजारों और क्षेत्रों में पहुंचे और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। इस दौरान लोगों को बंद के उद्देश्य और आंदोलन से जुड़ी मांगों की जानकारी भी दी गई। जनसंपर्क के दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए दुकानदारों से कल बाजार बंद रखकर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया। व्यापारियों के मुताबिक, जिन-जिन क्षेत्रों में जनसंपर्क किया गया, वहां अधिकांश स्थानों पर उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कई व्यापारियों ने बंद में सहयोग करने और अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का भरोसा भी दिया। व्यापारियों का कहना है कि शास्त्रीनगर प्रकरण को लेकर व्यापारी वर्ग में नाराजगी है। इसी के चलते 2 सितंबर को मेरठ बंद का आह्वान किया गया है। व्यापारियों ने कहा कि व्यापारियों के हितों की आवाज मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाने के लिए सभी व्यापारियों का एकजुट होना जरूरी है। बंद को लेकर अन्य संगठनों की ओर से भी समर्थन मिलने की बात कही गई है। मेरठ बार एसोसिएशन ,प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन ने भी बंद को पूर्ण समर्थन दिया है। वहीं नरसिंघ वाहिनी और कमिश्नरी राजस्व अधिवक्ताओं की ओर से भी बंद को पूर्ण समर्थन देने की बात कही गई। व्यापारियों ने कहा कि मंगलवार को किए गए जनसंपर्क में कई बाजारों से समर्थन मिला है।व्यापारियों ने सभी दुकानदारों और लोगों से अपील की कि 2 सितंबर को अपने प्रतिष्ठान बंद रखें, आंदोलन में शामिल हों और बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर बंद को सफल बनाएं।

