कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र की मायापुरम बस्ती के रविदासपुरम में पांडू नदी का पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस्ती में घरों के बाहर घुटनों तक पानी भर गया है। जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल वाल्मीकि ने कहा कि बस्ती के बीच भरे पानी में उतरकर प्रदर्शन करने का मकसद सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर खींचना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानपुर को स्मार्ट सिटी बनाने का दावा किया था, लेकिन 14 साल बाद भी शहर की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ‘करोड़ों का बजट मिलने के बाद भी हालात बदहाल’
कौशल वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि कानपुर को करोड़ों रुपए का बजट मिलने के बावजूद मायापुरम जैसी बस्तियों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। हर साल बारिश और नदी का पानी आने पर बस्ती के लोगों को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बस्ती में पानी के बीच वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में दावा किया गया कि जलभराव के कारण कई लोग अपने घरों में ताला लगाकर दूसरी जगह जाने को मजबूर हैं। पानी भरने से लोगों की पढ़ाई, खाने-पीने और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ‘वोट चाहिए, लेकिन हाल पूछने कोई नहीं आता’
कौशल वाल्मीकि ने कहा कि वार्ड-9 के रविदासपुरम क्षेत्र में अब तक कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि बस्ती के लोगों का हाल जानने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सभी को यहां के लोगों का वोट चाहिए, लेकिन समस्या आने पर कोई उनकी सुध लेने नहीं आता। उन्होंने कहा कि संभव है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नेता और अधिकारी बस्ती में पहुंचें, लेकिन हर साल की तरह इस बार भी लोगों को स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद कम है। आजाद समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी भी पहुंचे
प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी के गोविंदनगर विधानसभा प्रभारी तुलसी राम वाल्मीकि भी बस्ती पहुंचे। उन्होंने भी पानी के बीच जाकर कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी की और जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल वाल्मीकि के अलावा मयंक राज, शौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

